धर्मपुर उपमंडल में नशे के ख़िलाफ़ जागरूक रैली निकालते लोग संवाद
टिहरा/धर्मपुर (मंडी)। विश्व एंटी ड्रग्स डे पर धर्मपुर उपमंडल में हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति एवं मंडी साक्षरता समिति के सहयोग से भराड़ी से सजाओ तक नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में टिहरा, डरवाड़, सजाओ, लौंगनी, सरी और बिंगा क्षेत्रों के लोगाें ने भाग लिया। नशा मुक्ति अभियान के तहत निकाले पैदल मार्च में महिलाओं और पूर्व सैनिकों की भागीदारी सबसे ज्यादा रही।
यात्रा का नेतृत्व नशा मुक्ति अभियान समिति के खंड अध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय एथेलेटिक्स कोच भूपिंद्र भूप्पी, वेटर्न इंडिया एवं यूनाइटिड फ्रंट ऑफ एक्स सर्विसमेन (जेसीओ ओआर) के कैप्टन रमेश तपवाल, ज्ञान विज्ञान व साक्षरता समिति की सुनीता बिष्ट, पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने किया। रैली के माध्यम से लोगों से नशे बंदी को लेकर आहवान करते हुए उन्हें शपथ दिलाई गई।
अध्यक्ष भूप्पी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में धर्मपुर उपमंडल में करीब एक दर्जन युवाओं की मौत नशे के कारण हुई है। सैकड़ों युवा इसकी गिरफ्त में आ गए हैं। सिंथेटिक नशा चिट्टा के बढ़ रहे प्रचलन से परिजन अपने बच्चों के भविष्य बारे चिंतित हो गए हैं। युवाओं को नशे की लत से रोकने के लिए समाज के हर वर्ग हर व्यक्ति को आना होगा।
साक्षरता समिति की सचिव सुनीता बिष्ट ने कहा कि महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों में संगठित महिलाओं को इस अभियान में मुख्य भूमिका निभानी चाहिए। पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नशाबंदी को लेकर धर्मपुर उपमंडल में के तहत 10 जुलाई को सजाओ, 11 को संधोल और 13 जुलाई को टिहरा में सम्मेलन किए जाएंगे। इसके बाद संधोल, धर्मपुर और बरोटी-मंडप में भी कमेटियां गठित की जाएंगी। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के आसपास भी कमेटियां बनाई जाएंगी, जो गुप्त सूचना देने और प्रभावितों की काउंसलिंग करने में सहयोग करेंगी।