मंडी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय का चार दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण सह विचार-विमर्श कार्यक्रम मंडी में जारी है। 19 जून तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य सांख्यिकीय आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बढ़ाना है। उप महानिदेशक दीपक मेहरा की अध्यक्षता में शुरू हुए कार्यक्रम में प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण और कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। सहायक निदेशक अमित कुमार ने बताया कि सत्र में शिमला, मंडी, हमीरपुर और धर्मशाला कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों सहित अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। फील्ड अधिकारियों को सर्वेक्षण प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में उप निदेशक अजय कुमावत, डॉ. अखिलेश झा और सहायक निदेशक अमित कुमार मौजूद रहे।