मंडी। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला व भाषा एवं संस्कृति विभाग मंडी के संयुक्त तत्वावधान में हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं रंगमंडल द्वारा टाउन हॉल मंडी में चल रही 40 दिवसीय निःशुल्क नाट्य कार्यशाला के तीसरे दिन 22 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों व युवाओं को आशु अभिनय, शारीरिक मंच-गतिविधियों (बॉडी मूवमेंट) तथा अभिनय के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही थिएटर गेम्स के माध्यम से शारीरिक अभ्यास भी कराया गया। सीमा शर्मा ने बताया कि शुरुआती दिनों में उपस्थिति कम थी, लेकिन अब कार्यशाला में गति आ रही है और सोमवार से समय दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक रहेगा। कार्यशाला में ज्योति पांडे के मार्गदर्शन में रंगमंच प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि सुरेश शर्मा व सीमा शर्मा विभिन्न नाट्य विधाओं का प्रशिक्षण दे रहे हैं।