जोगिंद्रनगर (मंडी)। जिले में बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। अंधड़ चलने से गेहूं की फसल समेत अन्य को काफी नुकसान पहुंचा है। कई जगह गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। उधर, शुक्रवार देररात को अंधड़ चलने और तेज बारिश से जोगिंद्रनगर के गलू में चल रहे मेले के दौरान कारोबारियों के तंबू भी उड़ गए। खराब मौसम से जोगिंद्रनगर सरकाघाट सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी थम गई।
जोगिंद्रनगर शहर से करीब चार किलोमीटर दूर मंडी पठानकोट हाईवे के किनारे सजे देवता मेले में मिठाई विक्रेता हंस राज, बलदेव, चुनी लाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात हुई तेज बारिश और आंधी तूफान से मेला कारोबारियों की अस्थायी दुकानों के तिरपाल भी फट गए। वहीं, बारिश से गेहूं की फसलों को भी कुछ जगहों पर नुकसान होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा आसमानी बिजली गिरने और इसकी गर्जना से भी लोगों में हड़कंप मचा रहा।
मेला समिति के सदस्य और हारगुरैण पंचायत के उपप्रधान सन्नी विष्ठ ने बताया कि शुक्रवार देर रात हुई बारिश से मेला कारोबारियों को दिक्कतें झेलनी पड़ी हैं, लेकिन किसी भी बड़े नुकसान की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। उधर, तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया कि तेज बारिश और आंधी तूफान से उपमंडल जोगिंद्रनगर में हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।
लदरूहीं में तीन खंभे क्षतिग्रस्त, बिजली गुल
विद्युत मंडल जोगिंद्रनगर के उपमंडल चौंतड़ा के लदरूहीं में बिजली के हाई वोल्टेज तारों और खंबे के टूटने से करीब सौ विद्युत उपभोक्ता शुक्रवार देररात से ब्लैकआउट की चपेट में आ गए। शनिवार दोपहर करीब चार बजे तक भी बिजली बहाल नहीं हो पाई। विद्युत मंडल जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता पूर्ण चंद ने बताया कि बिजली के तीन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अंधड़ से कुछ जगहों पर हाई वोल्टेज तार भी टूटें हैं, जिन्हें ठीक करने के लिए शनिवार को भी बोर्ड के कर्मचारी डटे रहे।
तापमान में आई गिरावट
जिले में बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। शनिवार को दोपहर के समय दिन का तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन दोपहर बाद हुई बारिश और तेज हवा चलने से तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट आई है। शाम 5ः30 बजे अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट के बाद 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
कटौला में सबसे ज्यादा 16 एमएम तक बारिश
जिला में सबसे ज्यादा 16 एमएम बारिश कटौला में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गोहर में 5 एमएम, जोगिंद्रनगर में 9 एमएम, सुंदरनगर में 4.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों 25 अप्रैल तक ऐसे ही मौसम के बने रहने की आशंका जताई है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ अंधड़ भी चल सकता है।
फसलों को नुकसान, किसान-बागवान चिंतित
बारिश ने किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है। सरकाघाट समेत कई गर्म इलाकों में इन दिनों गेहूं की फसल तैयार हो चुकी है। ऐसे में बारिश और अंधड़ चलने से किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। वहीं, जोगिंद्रनगर, पधर और मंडी समेत कई जगह बारिश गेहूं की फसल के लिए संजीवनी है, लेकिन अंधड़ चलने से कुछ जगह फसल खेतों में बिछ गई है। संवाद
जोगिंद्रनगर में मौसम के खलल के बाद अपना सामान संभालते मेला कारोबारी। संवाद