धर्मपुर (मंडी)। जिला मंडी के धर्मपुर में अनस्वाई खड्ड पर बन रहे पुल के पास सोमवार देरशाम को एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मुन्ना पुत्र इसरार मुंशी निवासी नगर पंचायत ढकिया, तहसील ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश ने पुलिस को बताया कि वह सरफराज, दानिश, जिले हसन, मोहम्मद अहमद सभी निवासी यूपी, ठेकेदार अशोक वर्मा के पास धर्मपुर में अनस्वाई खड्ड पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं। यह सभी एक साथ वहीं एक शैड में रहते हैं।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च को सभी काम से छुट्टी करके सभी अपने रिहायशी शैड में चले गए। राशन खत्म हो गया था, जिस कारण जिले हसन (40) निवासी छोटे गांव गणेश्वर देवी, तहसील ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद और मोहम्मद दानिश (330 पुत्र रहीसुदीन निवासी 165 नक्कर चियान मेरठ सिटी, जिला मेरठ उत्तर प्रदेश ट्रैक्टर पर राशन लाने के लिए गए।
ट्रैक्टर को जिले हसन ही चला रहा था। रिहायशी शैड से करीब 50 मीटर दूरी पर ही ट्रैक्टर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गिर गया। इससे जिले हसन की मौके पर मौत हो गई, जबकि मोहम्मद दनिश बुरी तरह घायल हो गया। मोहम्मद दानिश का इलाज नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से हसन के शव को रस्से की सहायता से निकालकर सड़क में पहुंचाया। मंगलवार को शव पोस्टमार्टम का पोस्टमार्टम सरकाघाट अस्पताल में करवाया गया है। डीएसपी संजीव गौतम ने घटना की पुष्टि की है।