गोहर (मंडी)। ब्यास की लहरों के बीच अब कुल्लू-मनाली घूमने वाले पर्यटक पंडोह के बाखली में बोटिंग का आनंद ले सकेंगे। जयराम सरकार की नई मंजिल नई राहें योजना के अंतर्गत 5 करोड़ के नेचर पार्क को अब पंख लगना शुरू हो गए हैं। वन विभाग ने पंडोह के बाखली में ब्यास नदी में बोटिंग का सफल ट्रायल कर लिया है। बाखली में वन विभाग की बोट (नाव) पहुंचना शुरू हो गई हैं। ब्यास नदी में बोटिंग करने वाले पर्यटकों की सुरक्षा का जिम्मा वन विभाग का होगा। आने वाले एक सप्ताह के अंदर पंडोह के बाखली में वन विभाग बोटिंग शुरू करने जा रहा है। डीएफओ नाचन टीआर धीमान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बोटिंग का टिकट सिस्टम होगा। इसे तय किया जा रहा है। बताया कि कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय पर्यटकों और माता बगलामुखी आने वाले भक्तों के लिए बाखली में नेचर पार्क और ब्यास की बोटिंग आकर्षण का केंद्र होगी। पंडोह के बाखली में बनने जा रहे नेचर पार्क में पर्यटकों की सुविधा के लिए बोटिंग के अलावा चिल्ड्रन पार्क, ओपन जिम, लाग हट्स, ईको विलेज, एडवेंचर्स स्पोर्ट्स जैसे स्काई साइकिलिंग, जीप लाइन, वर्मा ब्रिज जैसी रोचक सुविधाएं भी होगी।