मंडी। मंडी-चंडीगढ़ फोरलेन पर स्थित गड़ा मोड़ा टोल प्लाजा प्रबंधन की लापरवाही के बाद उस पर त्वरित कार्रवाई हुई है। घर के गैराज में खड़ी कार का टोल टैक्स काटने के मामले में चौतरफा घिरने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और टोल प्रबंधन को अपनी गलती माननी पड़ी। प्रबंधन ने पीड़ित कार मालिक के फास्टैग खाते में कटे हुए पैसे वापस रिफंड कर दिए हैं। रामनगर मंडी के निवासी युगल किशोर (काकू पंडित) की कार बीते रविवार की रात को घर के गैराज में पार्क थी। इसी दौरान रात करीब 11:32 बजे उनके मोबाइल पर गड़ा मोड़ा टोल प्लाजा पर 115 रुपये का टोल टैक्स कटने का मैसेज आया। घर खड़ी गाड़ी का मीलों दूर टोल कटने से हैरान युगल किशोर ने इस मामले को हल्के में लेने के बजाय इसके खिलाफ आवाज उठाने का फैसला किया। युगल किशोर ने इस डिजिटल गड़बड़ी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बीते वीरवार रात फास्टैग खाते में काटी गई राशि वापस आ गई। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई चंद रुपयों की नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और जागरूकता की थी। संवाद