संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। श्रीनिवास रामानुजन स्टूडेंट डिजिटल योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीसे) छम्यार के तीन मेधावी विद्यार्थियों को चार ई-वाउचर प्राप्त हुए हैं। शैक्षणिक सत्र 2022-23 की दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों जिज्ञासा, गगन और विशाल को इस योजना के तहत ई-वाउचर प्रदान किए गए। वहीं, सत्र 2024-25 की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में भी विशाल ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर पुनः इस वर्ष का ई-वाउचर हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को 16 हजार रुपये तक के ई-वाउचर प्रदान किए जाते हैं, जिनका उपयोग विद्यार्थी लैपटॉप या टैबलेट खरीदने में कर सकते हैं ताकि वे अपनी आगे की पढ़ाई को और बेहतर ढंग से जारी रख सकें। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।