सुंदरनगर (मंडी)। जिला मंडी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मुरारीधार में माता मुरारी देवी का ऐतिहासिक तीन दिवसीय वार्षिक मेला मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ शुरु हुआ। मेला 28 मई तक चलेगा। मेले के शुभारंभ पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता नरेंद्र पाल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विधिवत दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर मंदिर कमेटी की तरफ से मुख्य अतिथि को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन और मंदिर के विकास के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि निर्माणाधीन मुरारी माता सड़क को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के नेरचौक मंडल को इस सड़क के कार्य की समीक्षा करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश जारी किए। मेले के पहले दिन मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने लोक नृत्यों और धार्मिक भजनों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। मेला परिसर माता के जयकारों और लोक धुनों से गूंज उठा। समारोह के अवसर पर समाज सेवी जय सिंह ठाकुर, मेला कमेटी प्रधान बृजलाल, सचिव ख्यालीराम ठाकुर सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद