बग्गी (मंडी)। अत्यधिक गर्मी बढ़ने से अब इंसानों सहित बेजुबान पशु भी परेशान होने लगे हैं। बढ़ती गर्मी से पैदा हुए पेयजल किल्लत से इंसान तो प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ला रहे, लेकिन सड़कों पर घूम रहे बेजुबान पानी न मिलने से प्यासे रह रहे हैं। इस बीच नाचन विधानसभा क्षेत्र में दो दिन पूर्व तीन लावारिस पशुओं को मृत हालत में पाया गया। इनमें दो पशु ग्राम पंचायत दियारगी तथा एक सलवाहन पंचायत में मृत मिला है। ग्रामीणों के अनुसार लगातार बढ़ रही गर्मी से सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को पीने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे पशु बीमार होकर दम तोड़ने लगे हैं। सुबह सैर पर निकले स्थानीय निवासी मनोज कुमार, कृष्ण कुमार, संजीव और बिट्टू वालिया ने इन पशुओं को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना सलवाहन पंचायत के पूर्व प्रधान पंकज चौधरी को दी। सूचना मिलते ही पंकज चौधरी ने अपनी जेसीबी भेजी और जमीन में गड्ढा खोद कर तीनों मृत पशुओं को दफना दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर लावारिस घूम रहे पशुओं के लिए सड़कों के किनारे या गांवों में पानी की उचित व्यवस्था करवाई जाए। संवाद