गोहर (मंडी)। सिराज घाटी की निहरी सुनाह पंचायत के गढ़पति श्री देव तुंगासी के स्वर्ण जड़ित रथ की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार से निहरी गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गई है। करोड़ों की लागत से तैयार इस रथ के सभी मोहरे और मंडयाली सोने से सुसज्जित की गई हैं। चार बड़ की सात हार के इस देवता के नए रथ के प्रतिष्ठा समारोह में बुधवार को करीब दस हजार लोगों और भक्तों की भीड़ निहरी गांव में उमड़ने की उम्मीद है। देवता कमेटी ने गढ़पति श्री देव तुंगासी के रथ की प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां पूरी ली गई हैं। इस पावन अवसर पर देवता कमेटी ने सिराजघाटी की 47 देथल ( देव कमेटियों) को न्योता दिया है। जो कि इस प्राण प्रतिष्ठा के गवाह बनेंगे। देवता का रथ सोने से सुसज्जित किया गया है। देव तुंगासी के नए रथ की प्रतिष्ठा के कारज मंगलवार शाम से शुरू किए जा रहे हैं। बुधवार सुबह देवता के रथ की प्रतिष्ठा होगी और करीब दस हजार लोग देवता के रथ के प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेंगे। इस मौके पर धाम का आयोजन भी किया जा रहा है। देवता के कटवाल खजान सिंह ने बताया कि लोगों के सार्वजनिक सहयोग से देवता के नए रथ का निर्माण किया गया है। अभी नया रथ नजरबंद है। बुधवार सुबह रथ की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इसे लोगों के दर्शनों के लिए खोला जाएगा। देवता के गूर प्रकाश चंद, डॉ. चमन ठाकुर, नरेश ठाकुर, होशियार सिंह, दर्शन सिंह, हंस राज, कटवाल खजान सिंह, जेठी हार से डोले राम ठाकुर, मझाखल हार से यशवंत, हलींन हार रूप सिंह, झुघान्ध हार से दौलत राम, रोड हार से भाग सिंह, निहरी सुनाह से टेक सिंह और पुजारी राजिंदर पाल ने बताया कि देवता का रथ सिराज घाटी के प्रमुख देवताओं के रथ में से एक होगा।