विश्व कुष्ठ रोग निवारण दिवस पर विद्यार्थियों और नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने निकाली जागरूकता रैली
कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव को समाप्त करने और उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने की सीख दी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। विश्व कुष्ठ रोग निवारण दिवस पर मंगलवार को जोनल अस्पताल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओं डॉ. नरेंद्र भारद्वाज ने की। उन्हाेंने कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव को समाप्त करने, उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने पर बल दिया। कहा कि कुष्ठ कम संक्रामक रोग है, जो कि मुख्यत: चमड़ी में दाग, उस दाग में सून्नापन, जलन, चुभन का अहसास कम होना या बिल्कुल ही न होना इस रोग की पहचान है। इसके अतिरिक्त हाथ-पैर और आंखों में कमजोरी, नसों में सूजन, मोटापन या दर्द पेट, शरीर और कान पर गांठें या घाव होना, जिसमें दर्द न हो या कम हो। कहा कि इस रोग का समय पर उपचार न होने पर मनुष्य दिव्यांग हो सकता है। इस रोग का सभी सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपचार किया जाता है। कार्यक्रम के पश्चात जीएनएम नर्सिज, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अस्पताल परिसर से सेरी मंच तक जागरूकता रैली निकालकर लोगों को कुष्ठ रोग निवारण का संदेश दिया। रैली के दौरान प्रशिक्षुओं और विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर जागरूकता स्लोगन और नारों के साथ शहरवासियों को जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. दिनेश ठाकुर, डाॅ. अनुराधा शर्मा, जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. अरिंदम रॉय और अन्य मौजूद रहे। संवाद