संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने नागरिकों से जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। ऑनलाइन पोर्टल एसई.सीईएनएसयूएस.जीओवी.इन पर अपनी जानकारी दर्ज करने को कहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई तक गृह सूचीकरण एवं आवास जनगणना के लिए, जबकि दूसरा चरण अगले वर्ष फरवरी में वास्तविक जनसंख्या गणना के लिए होगा। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें गणनाकर्ता मोबाइल उपकरणों से जानकारी एकत्र करेंगे। स्वगणना की सुविधा 1 से 15 जून तक उपलब्ध है, जिसमें लोग कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल से अपनी जानकारी स्वयं भर सकते हैं। इसके बाद उन्हें एक आईडी मिलेगी, जिसे घर आने वाले प्रगणकों को दिखाना होगा। इससे जनगणना प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी।