चार साल से अधर में लटका जड़ोल-कलसोग-ठारू मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर उपमंडल के जड़ोल, कलसोग और ठारू गांवों को जोड़ने वाली करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पिछले चार वर्षों से अधर में लटका है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत वाली इस सड़क के लिए ग्रामीण जमीन तक दे चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। दो वर्ष पहले वन पर्यावरण स्वीकृति के लिए करीब 18 लाख रुपये जमा करवाए गए थे, मगर लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के बीच कागजी प्रक्रिया में मामला फंसा हुआ है। सड़क न बनने से जड़ोल, कलसोग, ठारू समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बीमार और दिव्यांग लोगों को आज भी पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। ग्रामीणों चुनी लाल, नंद लाल, मस्त राम, चमारू राम, नरपत, नरेश कुमार, पींकी देवी, मुंगला देवी, सुनीता देवी, अंकू और पंकज पंडियार ने आरोप लगाया कि वे अपनी जमीन विभाग के नाम कर चुके हैं और नेताओं को लिखित आवेदन भी दे चुके हैं, फिर भी सड़क निर्माण में न्याय नहीं हो रहा। उन्होंने जल्द औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई। वन मंडल अधिकारी राकेश कटोच ने बताया कि उपायुक्त मंडी की ओर से भूमि प्रत्यावर्तन के लिए म्यूटेशन संबंधी पत्र आया है, जिसे लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है। वहीं अधिशासी अभियंता रोशन लाल ठाकुर ने कहा कि विभागीय कार्रवाई जारी है और मामला अभी दोबारा उनके पास नहीं पहुंचा है।