मंडी बस अड्डे का निरीक्षण करते प्रबंध निदेशक व अन्य । संवाद
मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने शनिवार को मंडी बस अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस अड्डे के प्रवेश द्वार पर नाली की वजह से लीक हो रहे दूषित पानी के परिसर में आने पर चिंता जताई और तुरंत इसका हल करवाने के निदेश दिए। इसके बाद उन्होंने बस अड्डा की छत का भी निरीक्षण किया और वहां खड़े पानी की निकासी का तुरंत समाधान करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बस अड्डा में कर्मचारियों की समस्याओं को भी जाना। इससे पहले प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण ने निगम के मंडलीय कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निगम की कर्मशाला का भी निरीक्षण किया और यहां आ रही कर्मचारियों की समस्या को जाना। कर्मशाला में भी बस अड्डे की तरह अव्यवस्था का आलम है। कीचड़ में कर्मचारी काम करने को मजबूर हैं। इस दौरान उनके साथ मंडलीय प्रबंधक विनोद ठाकुर, नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर, क्षेत्रीय कार्यकारी प्रबंधक अखिल अग्निहोत्री, केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष उपाध्याय और एचआरटीसी के सिविल विंग के सहायक और कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।