जोगिंद्रनगर शहर में लग्जरी बसों से लग रहा जाम। स्त्रोत जागरूक पाठक
राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को असुविधा का करना पड़ रहा सामना
आपातकालीन वाहनों की आवाजाही पर भी पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर शहर की सड़कों पर निजी लग्जरी बसों के बढ़ते आवागमन से हाईवे जाम की स्थिति गंभीर हो गई है। बस अड्डे से रेलवे क्रॉसिंग और लक्ष्मी बाजार के पास राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शहर से दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए रोजाना गरोड़ू और आसपास के क्षेत्रों से रवाना होने वाली आठ से दस बसें स्टेट हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न कर रही हैं। इसका असर आपातकालीन वाहनों की आवाजाही पर भी पड़ रहा है। वरिष्ठ नागरिक संजय, रामलाल और अजय ठाकुर ने बताया कि शाम चार बजे के बाद बसों के शहर में प्रवेश करते ही जाम विकराल रूप धारण कर लेता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि निजी बसों के लिए शहर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थान आरक्षित किया जाए। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर शहर में हाईवे जाम की समस्या को कम करने के लिए पुलिस विभाग योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। निजी बसों के कारण यातायात प्रभावित होने पर स्थानीय पुलिस रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।