गोहर (मंडी)। मंडी जिला के एक दिवसीय दौरे पर नाचन पहुंचे सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा पर आक्रामक दिखे। सीएम ने चुन-चुन कर अपने भाषण में जयराम ठाकुर को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि जयराम ने सीएम रहते सराज में 32 छात्रों के लिए 50 करोड़ का भवन बना दिया। बागवानी काॅलेज को जब हमने थुनाग से नाचन के गड़ाहरी शिफ्ट किया तो जयराम को समस्या हुई। उन्होंने कहा कि मेरी मंडी कहने वाले सराज तक ही सीमित रहे। जयराम ने अपने कार्यकाल में ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के चक्कर में प्रदेश का दिवालिया घोषित किया। मंडी जिला के लोगों ने दस में से नौ सीटें भाजपा को दी मगर जयराम मंडी जिले के लोगों का दर्द तक नहीं समझ पाए। मेडिकल काॅलेज में लोगों के इलाज के लिए एमआरआई की सुविधा नहीं बल्कि बाहर अपने चहेतों की मशीनों के माध्यम से लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई। जयराम को सीएम बनने की जल्दी लगी हुई है और उन्हें बदनाम करने के लिए नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। वह इससे डरते नहीं है।