मंडी। जिले के मैदानी इलाकों में गर्मी ने सताना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जिले में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सोमवार को 33.3 डिग्री सेल्सियस था। पिछले 24 घंटों में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। न्यूनतम तापमान भी 17 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि दिन और रात के तापमान में अभी भी 19 डिग्री का अंतर है। दिन में तेज धूप होने से बाजारों में सन्नाटा छा रहा है। दुकानदार भी दुकानों में बैठकर ग्राहकों का इंतजार करते दिख रहे हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चे भी गर्मी से परेशान हो रहे हैं। सुबह आठ बजे ही पारा 28 से 30 डिग्री तक पहुंच रहा है। शाम पांच बजे के बाद गर्मी से राहत मिल रही है। शाम के समय इंदिरा मार्केट कर छत पर लोगों का जमावड़ा लग रहा है। बड़ी संख्या में लोग सैर करने के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो 17 मई तक जिले में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। 18 मई से जिले में बारिश के आसार हैं। ऐसे में अगले चार दिनों बाज ही लोगों को राहत मिल सकती है।