संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। चौंतड़ा में चल रहे सरस्वती मेले में इस बार राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। जोधपुरी दही बड़ा, रबड़ी घेवर, मूंग दाल हलवा, प्याज कचौरी, दाल बाटी चूरमा, केसरिया जलेबी और मारवाड़ी कुल्फी जैसे पकवानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले में देसी स्वादों का आनंद लेने के लिए ग्राहकों की लगातार भीड़ देखने को मिल रही है, जिससे दुकानदार भी काफी उत्साहित हैं। इसके साथ ही महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के झूले मेले का प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। मेला समिति के अनुसार पहली बार इस तरह विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों को एक साथ शामिल किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को देशभर की संस्कृति और स्वाद का अनुभव मिल रहा है। मेला समिति के अध्यक्ष ज्योति प्रकाश, पस्सल पंचायत के पूर्व प्रधान विशाल राठौर ने बताया कि हिमाचल की प्राचीन संस्कृति को मेले में प्रदर्शित करने के लिए पहली बार यह पहल मेला समिति ने की है।