डैहर (मंडी)। मंडी जिले की अधिवक्ता सुचित्रा ठाकुर गुलेरिया को हिमाचल प्रदेश राज्य बार काउंसिल की सदस्य चुने जाने पर क्षेत्र में खुशी है। वे लंबे समय से न्यायिक क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनके चयन से अधिवक्ताओं की समस्याओं व सुझावों को बेहतर ढंग से उठाए जाने की उम्मीद है। सुचित्रा सुंदरनगर के चैक पंचायत से संबंध रखती हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट शिमला से कॅरिअर शुरू किया और वर्तमान में सुंदरनगर में एडवोकेट के रूप में प्रैक्टिस कर रही हैं। उन्होंने 1999 में अजमेर यूनिवर्सिटी से एलएलबी तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से समाजशास्त्र में एमए किया है। सुंदरनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र चंदेल सहित सदस्यों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि वे कानून के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करेंगी।