सराज घाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराची में निर्माणाधीन स्कूल भवन । संवाद
थुनाग (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराची स्कूल का कार्य पिछले 11 सालों से किराये के भवन में चल रहा है। 11 साल पहले स्कूल का भवन जर्जर होने के कारण खाली करवाया गया था, इसके बाद छठी से लेकर 12वीं तक शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को किराये के भवन में पढ़ाया जा रहा है। हैरानी की बात है कि 11 वर्ष बीत जाने के बावजूद भी स्कूल का अपना भवन बनकर तैयार नहीं हो पाया। वैसे तो पिछले पांच वर्षों में सराज विधानसभा क्षेत्र में करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए, लेकिन शिक्षा का मंदिर बनकर तैयार नहीं हो पाया है। 11 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज भी छठी से 12वीं तक स्कूल में 110 विद्यार्थी किराये के भवन में ही शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल का अपना भवन तैयार न होने के चलते छात्रों को किराये के कमरों में बैठा कर पढ़ाया जा रहा है।
कई बार की गई मांग
स्कूल के एसएमसी प्रधान रूप सिंह, अभिभावक प्रेम सिंह, भूपेंद्र कुमार, देशराज, मेघ सिंह और कमला देवी आदि का कहना है कि स्कूल के भवन के बारे में प्रशासन से कई बार बात की, लेकिन स्कूल के भवन का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि इस कार्य को युद्ध स्तर पर करवाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को अपने स्कूल भवन का लाभ मिल सके।
बरसात के चलते काम में देरी हुई है। अब जल्द इस भवन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार को निर्देश दिए हैं।
चमन लाल ठाकुर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग