मंगवाई वार्ड में आयोजित वार्ड सभा में हिस्सा लेते लोग।
मंडी। नगर निगम के वार्ड-5 मंगवाई की बैठक रविवार को पार्षद योगराज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में स्थानीय लोगों ने वार्ड में आ रही दिक्कतों को पार्षद के समक्ष रखा और समाधान की मांग उठाई। लोगों ने मंगवाई वार्ड में लावारिश कुत्तों के आतंक का भी मुद्दा रखा और इनके समाधान की पार्षद से गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि वार्ड में इतने लावारिस कुत्ते हैं कि रात के समय अकेले जाने से खतरा बना रहता है। इसके अलावा वार्ड में दो जगह स्ट्रीट लाइट लगाने का मुद्दा भी पार्षद के समक्ष रखा गया। वहीं, बरसात के समय सुकेती खड्ड से होने वाले नुकसान को भी ग्रामीणों ने उठाया। कहा कि खड्ड में घरों की तरफ बोल्डर लगाकर पानी की धारा को सही कर दिया जाए। इसके अलावा बैठक में वार्ड में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी दी गई। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के बारे में भी चर्चा की गई। बैठक में गरीबी रेखा से नीचे रह रहे परिवारों के नाम को काटना व पात्र परिवारों को शामिल करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नगर निगम मंडी के कनिष्ठ अभियंता सिद्धार्थ और अन्य मौजूद रहे।