दीक्षारंभ कार्यक्रम से नए छात्रों को मिलेगा विश्वविद्यालय का परिचय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी में चालू शैक्षणिक सत्र के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 24 जुलाई से सात दिवसीय दीक्षारंभ-स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अमृत महोत्सव हॉल, स्वामी विवेकानंद भवन में किया जाएगा। पहले दिन विद्यार्थियों का पंजीकरण, स्वागत, सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न विभागों, छात्र सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी जाएगी। सात दिन तक चलने वाले इस इंडक्शन कार्यक्रम में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, कॅरिअर मार्गदर्शन, छात्र कल्याण योजनाओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से संबंधित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों को प्रत्येक विभाग से एक-एक संकाय सदस्य को कार्यक्रम समन्वयक नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम का सुचारू और सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके। कुलपति एसपीयू ललित अवस्थी ने बताया कि इस कार्यक्रम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के वातावरण में सहज रूप से घुलने-मिलने और अपनी शैक्षणिक यात्रा की बेहतर शुरुआत करने में सहायता मिलेगी।