प्रतियोगी परीक्षा की पढ़ाई के लिए डिजिटल पुस्तकालय का होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत छतर में रविवार को ग्राम सभा का आयोजन रविवार को किया गया। इस दौरान पंचायत की कुल 1906 आबादी के लगभग 512 परिवारों को लाभान्वित करने के लिए प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया। डिजिटल पुस्तकालय का निर्माण भी किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान राहुल लखनपाल ने ग्रामीणों को मनरेगा के स्थान पर लागू वीबी जी-रामजी योजना की जानकारी दी। बताया कि योजना के अंतर्गत 300 से अधिक प्रकार के विकास कार्य शामिल हैं, जिससे पंचायत में रोजगार और विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहेगी तथा विभिन्न जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। ग्राम सभा के दौरान ग्राम पंचायत सचिव बलबीर सिंह ने पंचायत के 30 पात्र परिवारों को स्वीकृत नवीन आवासों की सूची भी सदन के समक्ष पढ़कर सुनाई। फेरीवाले पंचायत प्रतिनिधियों को सूचित किए बिना प्रवेश नहीं कर पाएंगे। उप प्रधान देवराज, वार्ड पंच संगीता, रक्षा, रेणु बाला, आशादेवी, भरत सिंह व आशा देवी ने अपने-अपने वार्डों के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बजट के प्रावधान की मांग की। प्रस्ताव पारित किया कि यदि पंचायत क्षेत्र में कोई ट्रांसजेंडर जन्म अथवा विवाह जैसे शुभ अवसरों पर आते हैं तो उन्हें जन्म के अवसर पर 501 रुपये और विवाह-शादी पर 1,100 रुपये सम्मान स्वरूप दिए जाएंगे।