संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला में कही। उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम की जानकारी देते हुए बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और सशक्तीकरण पर जोर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों से अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में पुलिस थाना मंडी के प्रभारी ने अधिनियम के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई व नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी, जबकि बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र सैनी ने विभागीय योजनाओं से अवगत करवाया।