सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर शहर में बंदरों के आतंक से लोगों में भय का माहौल है। बंदरों ने बीएसएल कॉलोनी में एक छात्रा पर हमला कर उसे घायल कर दिया, वहीं भोजपुर बाजार में भी बंदर राहगीरों पर झपटने की कोशिश करते दिखे। इससे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार मॉडल स्कूल में पढ़ने वाली नवमी कक्षा की छात्रा तानिया जोशी पुत्री जितेंद्र कुमार निवासी हंडेटी जब स्कूल से वापस घर लौट रही थी तो थोड़ी ही दूर उस पर एक बंदर ने हमला कर दिया। इस कारण वह घायल हो गई। छात्रा का उपचार स्थानी अस्पताल में कराया गया है। वहीं, मंगलवार दोपहर बंदरों ने भोजपुर बाजार में भी राहगीरों पर झपटने का प्रयास किया। बंदर के झपटने के प्रयास और गुस्से से राहगीर भी भयभीत हो गए। किसी तरह से दुकानदारों ने बंदर को मौका से भगाया। स्थानीय वासी सुरेश कुमार, रमेश कुमार, यशपाल, अमित और गोल्डी ने प्रशासन से मांग की है कि वे शहर में लोगों को बंदरों से भय और निजात दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए।