देहरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। डैहर स्थित दिव्या मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट के संस्थापक सत्य प्रकाश शर्मा का चयन हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित प्रेरणा श्रोत सम्मान-2024 के लिए हुआ है। उन्हें यह पुरस्कार देहरा में होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदान करेंगे। सत्य प्रकाश शर्मा का पुरस्कार के लिए चयन होने की सूचना प्रदेश सरकार की ओर से सोमवार को प्राप्त हुई है। उनके प्रेरणा स्रोत सम्मान के लिए चयनित होने पर क्षेत्र में और दिव्या मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि 14 अप्रैल 1983 को सत्यप्रकाश शर्मा ने डैहर में दिव्या मानव ज्योति सेवा अनाथालय की विधिवत शुरुआत की थी। आज यह अनाथालय एक ट्रस्ट का रूप ले चुका है। व्यवस्था के लिहाज में पूरे प्रदेश में यह अनाथालय बेहतरीन माना गया है।