सरकाघाट (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट की छात्रा सरगम ने किक बॉक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक प्राप्त कर महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खेलो इंडिया के तहत आयोजित नेशनल खेलो इंडिया अस्मिता किक बॉक्सिंग जोनल लीग 2025-26 में सरगम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। यह प्रतियोगिता 22 से 25 जनवरी 2026 तक जिम्नेजियम हॉल जम्मू विश्वविद्यालय में आयोजित की गई। 5वीं इंडिया ओपन इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप 2026 में 65 किलोग्राम भार वर्ग में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 से 8 फरवरी तक केडी झाडव इंडोर स्टेडियम आईजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स नई दिल्ली में आयोजित हुई। सरगम वर्तमान में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरआर कौंडल, डॉ. राजीव राणा और प्रो. दिनेश कुमार ने सरगम को बधाई दी। संवाद