मंडी। लाहौल-स्पीति, कुल्लू और मंडी जिलों से क्यूआर फार्म के बिना गाड़ियों में सब्जी ले जाने वालों पर एपीएमसी ने निगरानी बढ़ा दी है। सब्जियों और फलों की गाड़ियों की चेकिंग के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है जो हाईवे पर नाका लगाकर उनकी जांच कर रही है। पिछले पांच दिन में 40 गाड़ियों के चालकों के चालान कर उनसे 98,800 रुपये वसूल किए गए हैं। अधिकतर गाड़ियों में फल और सब्जी बिना क्यूआर फार्म के ले जाने की एपीएमसी को शिकायतें मिली थीं। कार्रवाई के दौरान खुलासा हुआ कि कई लाइसेंस धारक भी क्यूआर फार्म नहीं ले रहे हैं। यह भी पता चला कि लाहौल-स्पीति से मटर और गोभी लाने वाले कुल्लू में चालान के बाद एक फीसदी फीस नहीं चुका रहे हैं। ऐसे में इनसे सख्ती से निपटा जा रहा है। हराबाग में नाके पर खड़े एपीएमसी के सेक्रेटरी विवेक चंदेल ने बताया कि बिना क्यूआर फार्म के फल-सब्जियां ले जाने वालों पर कार्रवाई के लिए सुबह चार बजे से देर रात तक नाका लगाया जा रहा है। टीम में दो होमगार्ड समेत पांच सदस्य शामिल हैं जो इन पर नजर बनाए हुए हैं। एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने बताया कि अधिकतर क्यूआर फार्म लिए बिना सब्जियां ढो रहे हैं। ऐसे में विशेष टीम गठित कर इन पर कार्रवाई की जा रही है।