उपमंडल कोटली के फागला में भरभरा कर गिरा डंगा। संवाद
लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
किसानों की कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत धनियारा के फागला गांव में नेशनल हाईवे-003 पर गावर कंपनी की ओर से बनाया गया डंगा मानसून की पहली ही बारिश में भरभराकर ढह गया। मंगलवार रात हुई बारिश के बाद डंगा गिरने से कंपनी के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। इससे स्थानीय किसानों की कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है। बलाहर गांव के किसान जीवन लाल ने आरोप लगाया कि कंपनी की लापरवाही के कारण उनकी कृषि योग्य भूमि को नुकसान पहुंचा है और फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। कंपनी को इस नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। उधर, एसडीएम जगदीश चंद ने कहा कि नुकसान की जांच कराई जाएगी। साथ ही कंपनी को क्षतिग्रस्त डंगे की तत्काल मरम्मत और आवश्यक दुरुस्ती के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, गावर कंपनी के अधिकारी मनप्रीत बाजवा ने बताया कि क्षेत्र में हुई अत्यधिक बारिश के कारण एक स्थान पर पानी जमा हो गया था। इसी दबाव के चलते डंगे को नुकसान पहुंचा और वह भरभराकर ढह गया।