15 दिन से नहीं आ रही सप्लाई, लोग बोले- पानी लाने में बीत रहा पूरा दिन
सरकाघाट (मंडी)। क्षेत्र की थाना पंचायत के डोल गांव के एक दर्जन परिवार 15 दिन से पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं। पानी की सप्लाई न आने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वे इस संबंध में कई बार विभाग से भी कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का हल नही हो पा रहा है। लोगों में नंद लाल, परस राम, रत्न चंद, तिलक राज, जय चंद, ओम चंद, विनोद कुमार, प्रकाश चंद, विशाल, ओम चंद आदि का कहना है कि उन्हें पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है । इस कारण पूरा दिन पानी के इंतजाम में ही बीत रहा है। उन्होंने विभाग से जल्द समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। इस बारे में सहायक अभियंता सरकाघाट अनिल कुमार ने बताया कि डोल गांव में लिफ्ट का पानी दिया जा रहा है।