मंडी। गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत मंडी में विभिन्न संस्थाओं ने सोमवार को रैली निकाली, जो पूर्वाह्न 11 बजे भूतनाथ मंदिर से शुरू हुई और समापन उपायुक्त कार्यालय में हुआ। रैली में सनातनी संगठनों के 100 लोगों ने भाग लिया। इसके बाद सदर एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। इस अवसर पर मलूक पीठ वृंदावन से गो सम्मान के प्रदेश प्रभारी तपस्वी महाराज विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गो माता के संरक्षण एवं संवर्धन सहित गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग उठाई जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को जोड़ने के लिए हस्ताक्षर अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। भारत देश की 5500 तहसीलों में गो सम्मान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर वृंदावन धाम से पंडित मनोज मोहन शास्त्री, वेदांत कुटीर से स्वामी प्रणवानंद और मंडी के सभी संगठनों के प्रमुख उपस्थित रहे।