गोहर (मंडी)। जमीन को लेकर हुए में विवाद में रविवार को नाचन क्षेत्र की चच्योट पंचायत में दो गुटों में बहसबाजी के बाद एक गुट ने मौजूद लकड़ी और चीड़ के चिलारू को आग लगा दी। आग लगने से घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग के गणई कार्यालय फोन किया और वहां से तुरंत दमकल विभाग की गाड़ी आग बुझाने घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर जाकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चच्योट गांव में एक व्यक्ति के घर पर कुछ लोग आ गए। जहां एक मिस्त्री शटरिंग कर रहा था। घर में आए लोगों ने मिस्त्री को काम बंद करने को कहा। इसके बाद उग्र व्यक्ति ने धमकी दी कि मैं यहां आग लगा दूंगा। उसने आग लगा दी। परिवार के लोग जब नजदीक गए तो लकड़ी और चीड़ के चिलारू में आग लगी थी। दमकल विभाग को बुलाया गया और पुलिस ने मौके पर जाकर मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। एसएचओ सूरम सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।