रक्कड़ (कांगड़ा)। पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शनिवार को प्रसिद्ध कालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। उनके दौरे की किसी को भी जानकारी नहीं थी। उन्होंने मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में पंडितों ने पूजा-अर्चना के साथ हवन करवाया। प्रतिभा सिंह के मंदिर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने भी उनका अभिवादन किया। पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों ने बातचीत के दौरान उनसे मंदिर परिसर में साफ-सफाई और गंदगी की समस्या को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर प्रतिभा ने कहा कि मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था से संबंधित मामले को लेकर वह जिलाधीश कांगड़ा से बात करेंगी। वहीं, पत्रकारों ने उनसे अन्य राजनीतिक और स्थानीय मुद्दों को लेकर भी सवाल किए। हालांकि, वह इन सवालों का विस्तृत जवाब देने से बचती नजर आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह यहां केवल मंदिर में माथा टेकने और पूजा-अर्चना करने के लिए आई हैं। संवाद