संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए शहरी पुलिस चौकी मंडी की ओर से रविवार को विशेष यातायात अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने सुबह 5:30 बजे से 7 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 21 चालान किए गए। शहरी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मदन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत सुकेती चौक और स्कूल बाजार में पुलिस थाना सदर मंडी तथा पुलिस चौकी शहर मंडी की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाए। इस दौरान पुलिस जवानों ने दोपहिया और अन्य वाहनों को रोककर दस्तावेजों के साथ यातायात नियमों के पालन की जांच की।जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा हेलमेट का इस्तेमाल न करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने जैसे नियमों के उल्लंघन सामने आए। इन मामलों में पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किए। नाका अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 21 चालान किए गए, जिन्हें आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सदर मंडी भेज दिया गया है। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।