जोगिंद्रनगर में मनियारी की दो दुकानों और भड़याड़ा में घर में हुई है चोरी
हाईवे पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी जांच रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में 48 घंटे के भीतर चोरी की तीन वारदातों के बाद पुलिस ने जांच का दायरा मंडी-कांगड़ा तक बढ़ा दिया है। घटनास्थलों के आसपास का मोबाइल डाटा और 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को मंडी-कांगड़ा में सक्रिय किसी चोर गिरोह के शामिल होने का संदेह है। बस स्टैंड और पठानकोट चौक के पास दो मनियारी दुकानों से करीब दो लाख रुपये के नोटों के हार, नकदी व सामान चोरी हुआ, जबकि भड़याड़ा गांव में एक घर के ताले तोड़कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया गया। पुलिस मंडी-पठानकोट हाईवे और मंडी-कांगड़ा सीमा के कैमरों की रिकॉर्डिंग के साथ संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटा रही है। पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों के मोबाइल नंबरों की लोकेशन भी जांची जा रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि वारदातों को सुलझाने के लिए कई टीमें तैनात हैं और अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।