रिवालसर। रिवालसर बाजार में बुधवार रात को हुई पांच दुकानों में सेंधमारी के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। शातिरों ने चार दुकानों से करीब 43 हजार रुपये की नकदी व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया था, जबकि पांचवीं दुकान में चोरी का प्रयास विफल रहा था। वारदात के दूसरे दिन पुलिस ने मामले की छानबीन तेज करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। व्यापारियों में बढ़ती चिंता के बीच पुलिस चौकी प्रभारी मुंशी राम ने बताया कि पुलिस इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है और हर संभावित पहलू पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही शातिर चोर पुलिस की हिरासत में होंगे। संवाद