करसोग(मंडी)। करसोग के तत्तापानी में लोहड़ी मकर संक्रांति मेले को आकर्षण बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें तैयारियों के संबंध में जिम्मेदारियां सौंपी गईं। खंड विकास अधिकारी चुराग की देखरेख में मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों के सुझाव भी लिए जा रहे हैं। खंड विकास अधिकारी चुराग वैशाली शर्मा ने बताया कि मेले का आयोजन 13 से 15 जनवरी तक होगा। शुक्रवार के दिन मैदान में दुकानें लगाने में व्यापारियों को आसानी हो, इसके लिए मेला मैदान को समतल किया गया। इसके अतिरिक्त मेला मैदान में प्लाॅट भी चिह्नित किए गए, जिन्हें अब आगे व्यापारियों को आवंटित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेला मैदान में लगभग 100 प्लाॅट चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 15 प्रतिशत प्लाॅट स्थानीय व्यापारियों के लिए रिजर्व रखे गए हैं, शेष को मेले में बाहर से कारोबार करने के लिए आने वाले व्यापारियों को आवंटित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में दूर-दूर से लोग यहां आकर तुलादान और स्नान करते हैं। लोहड़ी मकर संक्रांति के मौके पर यहां स्नान करना शुभ माना जाता है। मेले के दौरान तत्तापानी कस्बे में यातायात व्यवस्था को बनाए रखने व लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत मेले में पुलिस बल की तैनाती भी की जा रही है। उन्होंने कहा मेले के दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।