बेहना में वार्ड सभा दे दौरान लोगों को शांत करवाते मेयर व निगम के अधिकारी
बैहना (मंडी)। नगर निगम के वार्ड-14 बैहना में आईआरडीपी का चयन सर्वे न होने पर शनिवार को महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा और स्थानीय पार्षद कृष्ण भानू की अध्यक्षता में हुई वार्ड सभा में लोगों ने जमकर भड़ास निकाली और नगर निगम से बाहर करने की मांग उठाई। 30 मिनट तक चली वार्ड सभा में सबसे पहले स्थानीय लोगों हरीश कुमार, पंकज और धीरज ने आईआरडीपी का चयन सर्वे के आधार पर करने की मांग रखी, जिस पर सभी लोगों ने हामी भरी।लोगों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षद ने उन्हें वार्ड सभा की कोई भी जानकारी नहीं दी थी। इस पर पार्षद वीरेंद्र आर्य लोगों को समझाने लगे, लेकिन लोग भड़क गए। लोगों का कहना था कि स्थानीय पार्षद चुप बैठे हैं और ऐसे में वे समझाने की कोशिश न करें, इन्हें जवाब देने दें। मौके की स्थिति को भांपते हुए महापौर वीरेंद्र भट्ट और निगम के अधिकारियों ने लोगों को शांत करवाया। आश्वासन दिया कि आईआरडीपी चयन के लिए आगामी समय में अलग से बैठक रखी जाएगी और लोगों को इसकी सूचना समय पर दी जाएगी। गुस्साए लोगों ने कहा कि उन्हें नगर निगम नहीं चाहिए और इससे बाहर किया जाए। इस पर महापौर ने कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव दे दें, यह बात सरकार तक पहुंचाएंगे। सरकार ही निगम से बाहर कर सकती है। तनावपूर्ण माहौल में हुई वार्ड सभा में माहौल बिगड़ता देख नगर निगम मंडी से पहुंचे संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र कटोच, एसडीओ नरेश और महापौर ने लोगों को मुश्किल से शांत करवाया।
लोगों के हस्ताक्षर करने से पहले ही लिख दिया था बैठक संपन्न
इसके बाद जब निगम के कार्यवाही रजिस्टर में लोग अपने उपस्थिति हस्ताक्षर करने लगे तो उसमें पहले से ही बैठक संपन्न लिखा था। इस पर वे फिर भड़क गए और पार्षद और अधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली। इसके बाद बैठक की कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई।
स्थानीय पार्षद पर लगाए आरोप
लोगों ने महापौर के सामने पार्षद कृष्ण भानू पर आरोप लगाते कहा कि वार्ड में विकास कार्य ठप हैं। रास्ते नहीं बन रहे हैं और लोगों को परेशानी आ रही है। इन सबका कब हल होगा। वार्ड सभा में पहुंचे लोगों ने निगम के अधिकारियों के समक्ष रास्तों व डंगो की समस्या को प्रमुखता से रखा। वहीं, पार्षद कृष्ण भानू ने कहा कि फंड के चलते विकास कार्यों को गति देने में परेशानी आ रही है। सभी लोगों की समस्याओं का प्रमुखता से निवारण किया जाएगा।