पधर (मंडी)। फोरलेन के निर्माण के चलते लोगों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान की मांग पर पंचायत के नुमांइदों का एक प्रतिनिधिमंडल जिप सदस्य चंपा ठाकुर के नेतृत्व में उपायुक्त से मिला। चंपा ठाकुर ने बताया कि पिछले दिनों जिला प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया था जिस पर कंपनी की ओर से कोई गौर नहीं किया गया। कंपनी के अधिकारी लोगों की समस्याओं के समाधान को साइट विजिट पर आए थे। जिन मांगों को अधिकारियों के साथ प्रमुखता से उठाया गया था, उनका आश्वासन के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है। लोगों की रास्ते, सिंचाई कूहलों को बहाल करने की मुख्य मांगे हैं। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि प्रशासन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निपटारा करवाया जाए। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने एसडीएम पधर को निर्देश जारी किए हैं कि लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर वह शीघ्र मौका पर जाकर कार्यवाही करें। इस मौके पर फोरलेन समन्वय समिति के सचिव महेंद्र गुलेरिया, कुन्नू की प्रधान शिल्पा देवी, पाली की प्रधान शकुंतला देवी, बीडीसी सदस्य रूप लाल ठाकुर, हजारा सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य कुलदीप कुमार मौजूद रहे।