पधर (मंडी)। हिम आंचल पेंशनर कल्याण संघ की द्रंग खंड इकाई के पूर्व महासचिव केसी नेगी ने प्रदेश सरकार से पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि कई पेंशनर अपनी मांगों के पूरा होने की प्रतीक्षा करते-करते इस दुनिया से विदा हो चुके हैं। सरकार को पेंशनरों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना चाहिए। केसी नेगी ने कहा कि पेंशनरों के लंबित वित्तीय बकायों का भुगतान किया जाए। साथ ही 14 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की राशि जारी करने और 14वें वेतनमान के संशोधित निर्धारण का लाभ भी जल्द दिया जाए। पेंशनरों के आश्रितों को करुणामूलक आधार पर नौकरी देने की व्यवस्था बहाल की जाए तथा सरकारी नौकरियों में पेंशनरों के परिवारों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया जाए। उन्होंने चिकित्सा भत्ते को बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह करने और पूर्व सैनिकों की तर्ज पर वन रैंक, वन पेंशन व्यवस्था लागू करने की भी मांग की। संवाद