नागरिक अस्पताल में चिकित्सक की जल्द तैनाती नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर ( मंडी)। नागरिक चिकित्सालय गोहर से शिशु रोग विशेषज्ञ का दूसरी बार जोनल अस्पताल मंडी स्थानांतरण होने पर क्षेत्र में आक्रोश है। उपमंडल मुख्यालय होने के बावजूद अस्पताल अब बिना पीडियाट्रिशियन के चल रहा है, जिससे चैलचौक, स्यांज, कोटला खनुला सहित करीब 30 पंचायतों की हजारों आबादी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा है, जहां आर्थिक शोषण का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थानांतरण आदेश वापस नहीं लिए गए तो वे सीएमओ कार्यालय का घेराव करेंगे। नाचन विधायक विनोद कुमार ने भी फैसले पर नाराजगी जताते हुए शिशु रोग विशेषज्ञ को गोहर में ही तैनात रखने की मांग की है। बीएमओ बगस्याड डॉ. राकेश रोशन ने बताया कि फिलहाल डॉक्टर को मंडी भेजा गया है और पद भरते ही उन्हें वापस गोहर में तैनात किया जाएगा।