बिजली की बचत कर विभाग का सहयोग करें : सुमित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। विद्युत उपकेंद्र पंडोह जागर में तकनीकी खराबी आने के कारण आगामी कुछ दिनों तक उपकेंद्र बंद रहेगा। विद्युत मंडल गोहर के अधिशासी अभियंता सुमित चौहान ने बताया कि उपकेंद्र बंद रहने के चलते विद्युत मंडल गोहर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति फिलहाल 33 केवी सुंदरनगर-गोहर तथा 33केवी थलौट-पंडोह लाइन के माध्यम से संचालित की जा रही है। विभाग के अनुसार वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में विद्युत लोड उपलब्ध है, लेकिन किसी कारणवश लोड उपलब्ध न होने की स्थिति में गोहर, पंडोह, जंजैहली और बग्गी क्षेत्र के 11केवी एवं 22केवी फीडरों पर लोड शेडिंग की जा सकती है। वहीं, आगामी दिनों में बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए 33 केवी बिजनी-पंडोह लाइन को भी चालू किए जाने की संभावना जताई गई है। बिजली बोर्ड ने जल शक्ति विभाग से भी आग्रह किया है कि पानी की लिफ्ट योजनाओं को ऑफ-पीक आवर्स में संचालित किया जाए। विद्युत मंडल गोहर के अधिशासी अभियंता ने समस्त जनता से अपील की है कि वे बिजली की बचत करें तथा विभाग को सहयोग प्रदान करें।