करसोग (मंडी)। हिमाचल सरकार ने लाखों राशन कार्ड धारकों को एक बार फिर ई-केवाईसी करने का मौका दिया है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ई-केवाईसी की तिथि को बढ़ाकर 31 मार्च कर दिया है। पहले यह तिथि 29 फरवरी थी, लेकिन प्रदेश में करीब 14 लाख उपभोक्ताओं ने अभी भी अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाई है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने नए साल में तीसरी बार इसकी तिथि को बढ़ा दिया है। ऐसे में उपभोक्ता नजदीकी उचित मूल्य की दुकान में अपनी ई केवाईसी करवा सकते हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम का कहना है कि यह मौका उपभोक्ताओं के लिए अंतिम मौका होगा। इसके बारे में सभी जिला खाद्य नियंत्रकों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए राशन कार्ड का ई केवाईसी कराने का निर्णय लिया है।