मंडी। उपरोजगार कार्यालय गोहर में भारतीय जीवन बीमा निगम की ओर से बीमा सखी योजना के तहत चयन के लिए वीरवार को साक्षात्कार आयोजित किया गया। साक्षात्कार में एक भी अभ्यर्थी नहीं पहुंचा। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि बीमा सखी के पदों के लिए अभ्यर्थियों के चयन के उद्देश्य से यह साक्षात्कार रखा गया था, लेकिन निर्धारित समय पर कोई भी उम्मीदवार उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक रहने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार में भाग लेने की अपील की। संवाद