पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग उपमंडल पधर के तहत कुफरी-खील-बटाहर वाया दमेला सड़क छह माह बाद यातायात के लिए बहाल हगे गई है। बरसात में दमेला खड्ड में डायवर्जन बह जाने से सड़क अगस्त से यातायात के लिए बंद थी। लोक निर्माण विभाग से बार-बार सड़क को बहाल करने की मांग करने के बावजूद कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए जा रहे थे। इसके चलते स्थानीय पंचायत के बाशिंदों ने अपने स्तर पर धन एकत्रित कर सड़क का नया डायवर्जन तैयार करने के लिए जेसीबी मशीन तैनात की। अपने स्तर पर शुरू किए गए कार्य के बाद लोक निर्माण विभाग जागा। लोक निर्माण विभाग ने अपनी एक जेसीबी और एक बुलडोजर डायवर्जन बनाने के लिए भेजा। 14 दिन बाद सड़क का नया डायवर्जन तैयार हो पाया। अब मार्ग में यातायात सुचारू होने से भड़वाहण और कुफरी पंचायत सहित दुंधा के लोगों को राहत मिली है। दमेला खड्ड में डायवर्जन बह जाने से सड़क बंद होने से दुंधा के ग्रामीणों को 30 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय कर उपमंडल मुख्यालय पधर पहुंचना पड़ रहा था। समय के साथ आर्थिक चपत भी लग रही थी। निगम की बस भी 6 माह से बंद थी। पंचायत प्रधान जितेंद्र ठाकुर और उपप्रधान दर्शन कटारिया ने कहा कि इस कार्य को पूरा करने में स्थानीय लोगों ने भरपूर सहयोग दिया। ग्रामीणों ने चंदा एकत्रित करने बाद जेसीबी मशीन हायर कर सड़क को बहाल करने की अपने स्तर पर पहल की। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने भी सड़क का नया डायवर्जन तैयार करने के लिए सहयोग दिया। 60 हजार रुपए चंदा इकट्ठा किया गया, लेकिन नया डायवर्जन तैयार करने में एक लाख से ऊपर खर्च आया। वहीं प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से दमेला खड्ड में स्थायी पुल का निर्माण करने की मांग उठाई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि पुल निर्माण के लिए नाबार्ड के तहत धनराशि स्वीकृत हुई है। शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।