सरकाघाट (मंडी)। भांबला इंडस्ट्रियल एरिया को विकसित किया जाए। यहां पर बड़ी कंपनियों को स्थापित किया जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। इसके अलावा सरकाघाट में बहुमंजिला बस अड्डा बनाया जाए, ताकि बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही बिलासपुर में स्थापित एम्स के लिए भदरोता, सरकाघाट और बल्द्वाड़ा होकर सीधी बस सेवा चलाई जाए ताकि मरीजों को दिक्कतें पेश न आएं। ये मांगें सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर ने शिमला में आयोजित विधायक प्राथमिकता की बैठक में रखीं। इन्हें प्राथमिकता प्रदान करने के लिए सरकार से आवाज उठाई है। बैठक में सरकाघाट के विकास के प्रति अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा गया और कहा कि पिछली भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए संस्थानों को भी बहाल किया जाए। बहुतकनीकी काॅलेज भदरोता, पशु चिकित्सालय पटडीघाट, तथा कानूनगो वृत्त भांबला के बारे में अवगत करवाया गया। इसके साथ ही उन्होंने नगर परिषद सरकाघाट के तहत मल निकासी कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, बलद्वाड़ा में बस अड्डे का निर्माण करने सहित कई समस्याओं और मांगों को सरकार से उठाया है।