रोजगार मेला के दौरान साक्षात्कार लेते हुए कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी। जागरूक पाठक
कई अभ्यर्थियों को मौके पर मिले ऑफर लेटर
विदेश में नौकरी और बद्दी बरोटीवाला में मिला रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के भांबला में मिशन रोजगार हिमाचल और फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (एफआईआई) की ओर से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता पंडित विद्यासागर शर्मा, एफआईआई के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चिरंजीवी ठाकुर और एडवांस विजन के निदेशक डॉ. अमरदीप चंदेल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मिशन रोजगार हिमाचल के प्रदेश समन्वयक डॉ. रणेश राणा ने की। रोजगार मेले में 100 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण करवाया। इवान सिक्योरिटी फंक्शंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से करीब 10 युवाओं का विदेश में नौकरी के लिए चयन किया गया। वहीं, कई अभ्यर्थियों को सुरक्षा कर्मियों समेत विभिन्न पदों के लिए मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इसके अलावा बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित विभिन्न कारखानों के लिए भी युवाओं का चयन किया गया। कंपनी के सीईओ अश्वनी संख्यान ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को पद और देश के अनुसार 45 हजार से 1.50 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें रहने, परिवहन, चिकित्सा और बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। मुख्य अतिथि पंडित विद्यासागर शर्मा और डॉ. रणेश राणा ने कहा कि मंडी जिले में कंपनी की ओर से यह पहला पंजीकरण मेला आयोजित किया गया है। युवाओं के उत्साह को देखते हुए आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।