मंडी। जिला मुख्यालय मंडी के एक ट़्यूशन सेंटर में नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के फरार आरोपी ने हाईकोर्ट में लगाई जमानत याचिका को वापस ले लिया है। आरोपी के खिलाफ तीन नाबालिग छात्राओं ने महिला पुलिस थाने में छेड़छाड़ को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई हैं। पहली एफआईआर बीते आठ जनवरी को दर्ज हुई थी। इसके बाद दूसरी 10 को और तीसरी 12 जनवरी को दर्ज हुई है। हालांकि मामला बीते एक साल के अंतराल का बताया जा रहा है। इस बात का पता तब चला, जब इन छात्राओं ने अपने साथ हुए घटनाक्रम का जिक्र परिजनों के साथ किया। इसके बाद परिजन महिला थाने पहुंचे और ट्यूशन सेंटर संचालक के खिलाफ मामले दर्ज करवाए। उधर, डीएसपी मुख्यालय देवराज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है, जबकि वे घर में भी नहीं है। मामले में नियमानुसार जांच जारी है। उधर, मंडी शहर के कुछ संगठनों ने इस पूरे मामले में पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। स्माइल हिमाचल संस्था, हिमाचल देव सेना और सोशल राष्ट्रीय स्तर की संस्था ने डीएसपी को इस विषय ज्ञापन दिया। निखिल वालिया ने कहा कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई अमल पर लाई जाए।