गोहर (मंडी)। उपमंडल गोहर के ग्राम पंचायत चैलचौक में पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है। साधुओं के भेष में पहुंचे शातिरों ने एक थोक चिकन विक्रेता से 1.61 लाख रुपये ठग लिए। हालांकि पुलिस के पास मामला पहुंचा तो गोहर पुलिस ने शातिरों को नेरचौक में पकड़कर पूरे पैसे वापस करवा दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक चैलचौक में चिकन के थोक विक्रेता पूर्ण चंद की दुकान पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के चार लोग साधु के भेष में पहुंचे। आरोप हैं कि गाड़ी से उतरते ही शातिर साधु ने चिकन विक्रेता पूर्ण चंद को सम्मोहित कर अपने वश में कर लिया। पूर्ण चंद शातिरों को आदर सत्कार करते हुए उन्हें अपने घर तक ले गया।
इसके बाद शातिर जो बोलते रहे पूर्ण चंद वैसे ही करता रहा। खाना खाने के बाद शातिरों ने कुछ पैसों की मांग की। पूर्ण चंद ने 1,100 रुपये जेब से निकाले और उनको दे दिए। मगर शातिर बाबा नहीं माने। उन्होंने पूर्ण चंद से 50 हजार रुपये ले दिए। जोर जबरदस्ती करते हुए पूर्ण चंद ने एक लाख रुपये निकाल कर और दे दिए।
इसके बाद जब शातिर साधु घर से चले गए तो पूर्ण चंद और उसका पूरा परिवार दिन में ही गहरी नींद में सो गया। शाम के वक्त जब जागे तो उठे 1.61 लाख का चूना लगने का आभास हुआ। इसके बाद वह तुरंत पुलिस थाना पहुंच गए। पूर्ण चंद ने पुलिस को बताया गत वर्ष आपदा में उसकी बेटी का घर क्षतिग्रस्त हो गया था। बेटी का मकान बनाने के लिए बैंक से दो लाख निकाले थे, जिसमें से 1.61 लाख रुपये साधु के रूप में पहुंचे शातिर ऐंठ ले गए हैं।
पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पूर्ण चंद की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और गाड़ी का नंबर ट्रेस किया। इसके बाद गोहर पुलिस नेरचौक में चारों शातिरों को गाड़ी सहित काबू कर लिया। इसके बाद पूर्ण चंद से शिनाख्त करवा धनराशि वापस दिलवाई। उधर, थाना प्रभारी गोहर लाल सिंह ने बताया कि बाबाओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।